रेवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में दो दिन में दूसरी बार लगी आग
रेवाड़ी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। रेवाड़ी के बावल औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार सुबह दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे की सर्विस रोड के पास खाली जगह पर पड़े स्क्रैप में अचानक आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार, बावल औद्योगिक क्षेत्र में नेशनल हाईवे की सर्विस रोड के समीप खाली जगह पर विभिन्न कंपनियों की ओर से स्क्रैप डाला जाता है। बुधवार सुबह इसी स्क्रैप में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में हलचल मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।
इसके बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से हुए नुकसान का फिलहाल आकलन नहीं हो पाया है। बावल औद्योगिक क्षेत्र में दो दिन के भीतर आग लगने की यह दूसरी घटना है। मंगलवार को दशहरे की छुट्टी के दौरान मोबाइल फोन बनाने वाली डीबीजी कंपनी के स्क्रैप यार्ड में भीषण आग लग गई थी।
छुट्टी होने के कारण कंपनी में कर्मचारी मौजूद नहीं थे। आग की चपेट में आने से स्क्रैप का सामान जलकर राख हो गया था। दमकल विभाग की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। लगातार दो दिनों में आगजनी की घटनाएं सामने आने से औद्योगिक क्षेत्र में आग से सुरक्षा के इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला