हरियाणा के खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने रेवाड़ी में किया ध्वजारोहण
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
रेवाड़ी, 15 अगस्त (हि.स.)। रेवाड़ी में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह का आयोजन नई अनाज मंडी में किया गया। हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री राजेश नागर ने बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद उन्होंने मार्च पास्ट का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली।
समारोह में पुलिस और एनसीसी की टुकड़ियों ने शानदार कदमताल करते हुए परेड में हिस्सा लिया। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर पवन कुमार ने किया। स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की अनेकता में एकता और विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति की झलक दिखाई गई। नोडल अधिकारी डॉ. ज्योतिसना यादव की अगुवाई में विभिन्न स्कूलों की टीमों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
वहीं, बावल उपमंडल में विधायक डॉ. कृष्ण कुमार तथा कोसली उपमंडल में विधायक अनिल कुमार यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया। दोनों उपमंडलों में भी विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए। लोगों ने उत्साह के साथ समारोह में भाग लिया।
जिला स्तरीय समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही। कार्यक्रम स्थल के एंट्री गेट पर मेटल डोर डिटेक्टर लगाए गए। जिलेभर में सुरक्षा के लिए एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत छह इंटरस्टेट नाकों के साथ जिले में अलग-अलग स्थानों पर 17 नाके लगाए गए। पुलिसकर्मियों ने समारोह स्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला