रेवाड़ी में वेतन नहीं मिलने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारी
तीन माह से वेतन बकाया, 117 कर्मचारियों ने 80 कूड़ा वाहन खड़े कर शुरू किया धरना
रेवाड़ी, 01 जुलाई (हि.स.)। रेवाड़ी शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था बुधवार से पूरी तरह प्रभावित हो गई। तीन माह से वेतन नहीं मिलने से नाराज डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। कर्मचारियों ने कूड़ा उठाने वाली सभी गाड़ियों को सीएसआई कार्यालय परिसर में खड़ा कर दिया और कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर सरकार व विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।
डोर-टू-डोर कूड़ा कर्मचारी संघ के प्रधान राकेश ने बताया कि कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों, ठेकेदार और नगर परिषद की चेयरपर्सन से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी कर्मचारी तीन बार हड़ताल कर चुके हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर काम पर वापस बुला लिया गया।
राकेश ने कहा कि इस बार कर्मचारी केवल आश्वासन पर हड़ताल समाप्त नहीं करेंगे। जब तक बकाया वेतन का भुगतान और उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि लगातार वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है और कई कर्मचारी बच्चों की स्कूल फीस तथा घर का राशन तक जुटाने में असमर्थ हैं।
संघ के अनुसार शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण कार्य से जुड़े करीब 117 कर्मचारी और 80 कूड़ा संग्रहण वाहन हैं। कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो विभिन्न कॉलोनियों और मोहल्लों में घर-घर से कूड़ा उठाने का कार्य पूरी तरह ठप हो सकता है, जिससे आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला