रेवाड़ी: दिल्ली-जयपुर हाईवे पर हादसे के बाद 276 पेटी अवैध शराब बरामद

 


कैंटर से टकराया ट्राला, चालक-परिचालक मौके से फरार

रेवाड़ी, 26 सितंबर (हि.स.)। रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर हादसे के बाद पुलिस ने एक ट्राले से 276 पेटी अवैध शराब बरामद की है। ट्राला सड़क किनारे खराब खड़े कैंटर से टकरा गया। हादसे के बाद ट्राला चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी सतीश कुमार ने शनिवार को बताया कि ट्राले में गाजियाबाद से मुंबई के लिए 1000 बिजली के पंखे लोड किए गए थे। असाही पुल के समीप ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खराब खड़े कैंटर से टकरा गया। हादसे के समय कैंटर को ठीक करने के लिए मिस्त्री मनोज कुमार काम कर रहा था। टक्कर में मनोज कुमार की मौत हो गई, जबकि कैंटर मालिक घायल हो गया।

हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्राले की जांच शुरू की। तलाशी के दौरान ट्राले में लोड बिजली के पंखों के नीचे शराब छिपाए जाने का पता चला। पुलिस ने पंखों की 10 परतें हटाईं तो उनके नीचे से 276 पेटियां शराब की बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने शराब की खेप को कब्जे में ले लिया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्राला चालक दिल्ली से शराब लेकर गुजरात की ओर जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि शराब की यह खेप गुजरात पहुंचाई जानी थी। हालांकि, शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जांच की जा रही है।

हादसे के बाद चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला