रेवाड़ी में पटाखों का अवैध जखीरा पकड़ा, तीन हिरासत में
रेवाड़ी, 05 नवंबर (हि.स.)।शहर में अवैध रूप से पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए पटाखों का अवैध जखीरा पकड़ा है। पुलिस टीमों ने मुक्तिवाड़ा, तकियासराय, गोकलगेट और शक्तिनगर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पटाखे बरामद किए। इस दौरान तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध रूप से पटाखे बेचने और उनका भंडारण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा के निर्देश पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर बिना अनुमति पटाखों की बिक्री और भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों से पटाखों का अवैध स्टॉक बरामद किया। पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मौके से पकड़े गए तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पटाखों का यह स्टॉक कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस मामले में शहर थाना और मॉडल टाउन थाना पुलिस की ओर से अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से पटाखों की बिक्री और भंडारण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला