रेवाड़ी पुलिस चार हजार लीटर पेट्रोल-डीजल व थीनर बरामद किया
रेवाड़ी, 20 सितंबर (हि.स.)। रेवाड़ी सीआईए और मॉडल टाउन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बावल रोड स्थित भवाड़ी गांव में छापेमारी कर अवैध रूप से रखे गए करीब चार हजार लीटर पेट्रोल, डीजल और थीनर बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बरामद सामग्री को लेकर पुलिस उसके स्रोत और संभावित सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर बावल रोड पर भवाड़ी गांव में कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान नौ ड्रमों में करीब 2100 लीटर पेट्रोल, दो ड्रमों में 540 लीटर डीजल और छह ड्रमों में करीब 1300 लीटर थीनर मिला। इसके अलावा मौके से 26 बड़े खाली ड्रम भी बरामद किए गए हैं।
बावल रोड पर कई बड़ी तेल कंपनियों के डिपो स्थित हैं। इनमें आईओसी और बीपीसीएल समेत छह से अधिक तेल डिपो शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि इन डिपो से निकलने वाले तेल टैंकरों से तेल चोरी कर उसे अवैध रूप से आगे बेचा जा रहा है। इसी दिशा में पुलिस बरामद तेल के संबंध में जांच कर रही है।
करीब एक सप्ताह पहले भी पुलिस ने गांव गुजरीवास में अवैध तेल के भंडारण का खुलासा किया था। वहां से करीब 1170 लीटर पेट्रोल और डीजल बरामद किया गया था। अब भवाड़ी से हुई बरामदगी के बाद पुलिस दोनों मामलों के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच कर रही है।
तेल डिपो क्षेत्र में अवैध तेल कारोबार के खिलाफ रेवाड़ी पुलिस की करीब 15 दिन में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले करनावास क्षेत्र में तेल चोरी और अवैध भंडारण के मामले में कार्रवाई हुई थी। उस मामले में पुलिसकर्मियों पर मंथली लेने के आरोप सामने आने के बाद एसपी ने तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला