रेवाड़ी में प्रेमी संग पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, दो गिरफ्तार
पुलिस का खुलासा, प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर नहर में फेंका था मोनू को, दो आरोपी अभी फरार
रेवाड़ी, 03 जुलाई (हि.स.)। जिले के कसौला थाना पुलिस ने जड़थल निवासी 21 वर्षीय मोनू की मौत के मामले का खुलासा करते हुए शुक्रवार को उसकी पत्नी और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी ने प्रेम प्रसंग में पति को बाधा मानते हुए अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। मामले में दो आरोपी अभी भी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार 10 जून को आसलवास गांव की नहर से मोनू का शव बरामद हुआ था। मृतक के परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इसके बाद कसौला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतक की पत्नी तनु से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार उसने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। तनु ने बताया कि उसने अपने प्रेमी मुंडनवास निवासी सोनू के साथ मिलकर मोनू की हत्या की योजना बनाई थी। इस साजिश में सोनू ने अपने दो साथी हरिओम और अमन को भी शामिल किया।
पुलिस के अनुसार नाै जून की रात तनु ने मोनू को अपने गांव कसौली बुलाया। वहां हरिओम और अमन ने उसका मुंह दबाकर उसे अचेत कर दिया। आरोपी उसे मृत समझकर आसलवास गांव की नहर में फेंककर फरार हो गए।
डीएसपी क्राइम सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि आरोपी पत्नी तनु और हरिओम को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी सोनू और उसका साथी अमन अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला