रेवाड़ी: मकान में लगी आग, पड़ोसियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
रेवाड़ी, 21 मार्च (हि.स.)। रेवाड़ी शहर के देव नगर इलाके में शनिवार सुबह एक मकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था और पड़ोसियों की सतर्कता के चलते समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
दिनेश ने बताया कि शनिवार सुबह उन्होंने अपने घर के मंदिर में माता की ज्योत की थी। इसके बाद परिवार के सदस्य मकान को बंद कर किसी काम से अस्पताल चले गए। कुछ समय बाद पड़ोसियों ने घर के अंदर से धुआं निकलते देखा, जिसके बाद तुरंत उन्होंने फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दिनेश अपने घर पहुंचे और तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती आशंका ज्योत से आग भड़कने की जताई जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बिजली निगम की टीम भी मौके पर पहुंची और किसी भी तरह के खतरे से बचने के लिए तुरंत घर की बिजली सप्लाई काट दी। इससे संभावित शॉर्ट सर्किट या आग के और फैलने की आशंका को टाल दिया गया। मकान मालिक दिनेश ने बताया कि यदि पड़ोसी समय रहते धुआं देखकर सतर्कता नहीं दिखाते तो आग विकराल रूप ले सकती थी और आसपास के मकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला