रेवाड़ी एम्स में जल्द शुरू होगी ओपीडी : आरती सिंह राव

 


-गांव कुंड में कार्यक्रमों में पहुंचीं मंत्री, स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने पर दिया जोर

रेवाड़ी, 05 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि जिले के गांव माजरा में निर्माणाधीन एम्स को लेकर बड़ी प्रगति हुई है। उन्होंने बताया कि यहां एमबीबीएस की 50 सीटों को स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही एम्स में ओपीडी सेवाएं भी शुरू करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि वे स्वयं जल्द ही एम्स का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगी।

स्वास्थ्य मंत्री रविवार को गांव कुंड में आयोजित विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। मंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकारी अस्पतालों में आधुनिक मशीनें उपलब्ध करवाई जा रही हैं, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके। उन्होंने रोहतक पीजीआई में निरीक्षण के दौरान सामने आई लापरवाही पर भी कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किए जाने की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने गांव कुंड में बालाजी हॉस्पिटल के डॉ संजय और दीन दयाल हॉस्पिटल के डॉ अरविंद के आवास पर आयोजित सामाजिक आयोजनों में विशेष रूप से भाग लिया। इस मौके पर मंत्री और बावल के विधायक डा. कृष्ण कुमार का ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ वंदना पोपली, जिला परिषद चेयरमैन मनोज यादव, अनिल रायपुर, रामपुरा सरपंच नरेश यादव नूरू, सरपंच नरेश कुमार, सरपंच विकास, पूर्व जिला प्रमुख डॉ शुभ्रा यादव, पूर्व जिला पार्षद जीतू चेयरमैन, चेयरमैन यशु , चेयरमैन करणपाल खोला सहित अनेक जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला