रेवाड़ी में 45 वर्षीय युवक ने मालगाड़ी के आगे कूदकर दी जान

 


रेवाड़ी, 03 मार्च (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के कोसली रेलवे स्टेशन के पास एक 45 वर्षीय युवक ने मालगाड़ी के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान कोसली निवासी राकेश के रूप में हुई है। पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक खेतीबाड़ी का काम करता था।

जांच अधिकारी सत्यपाल ने बताया कि एक मार्च को घटना की सूचना रेवाड़ी जीआरपी को कोसली रेलवे स्टेशन मास्टर से मिली थी। स्टेशन मास्टर ने बताया था कि मालगाड़ी के आगे कूदकर एक व्यक्ति ने अपनी जान दे दी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन शव की पहचान नहीं हो पाई। शिनाख्त के लिए पुलिस ने शव को रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया दिया था। मंगलवार को परिवार के सदस्यों ने शव की शिनाख्त राकेश के रूप में की। इसके बाद राकेश का पोस्टमार्टम करवाया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। आत्महत्या के कारणों का अभी तक कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए अन्य सुरागों की तलाश में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला