रेवाड़ी स्टेशन की व्यवस्थाएं जांचने पहुंचे महाप्रबंधक
फुट ओवरब्रिज की सफाई और पार्किंग अव्यवस्था पर अधिकारियों को लगाई फटकार
रेवाड़ी, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने बुधवार को रेवाड़ी जंक्शन का निरीक्षण कर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई और विकास कार्यों का जायजा लिया। महाप्रबंधक बनने के बाद यह उनका रेवाड़ी स्टेशन का पहला निरीक्षण था। उनके साथ डीआरएम रवि जैन, डीसीएम रूपेश यादव सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारी विशेष ट्रेन से सुबह रेवाड़ी पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने जंक्शन परिसर में साफ-सफाई की स्थिति, ट्रेनों के संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं तथा स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। फुट ओवरब्रिज पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। इसके अलावा पुल पर लगाए गए जाल व्यवस्थित नहीं होने और पार्किंग व्यवस्था में कमियां मिलने पर भी अधिकारियों से जवाब मांगा तथा व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं को सुचारु रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान रेलवे अधिकारियों ने उन्हें स्टेशन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी।
इस माैके पर दैनिक रेल यात्री संघ के अध्यक्ष हरिश कुमार भारद्वाज ने महाप्रबंधक के समक्ष रेवाड़ी जंक्शन पर वाशिंग लाइन बनाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि यदि रेवाड़ी में वाशिंग लाइन बनती है तो यहां से लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन शुरू किया जा सकता है। इससे रेवाड़ी, धारूहेड़ा, भिवाड़ी, नीमराना सहित आसपास के क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को उत्तर प्रदेश, बिहार, असम और बंगाल की ओर यात्रा करने में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने रेलवे से इस दिशा में जल्द कदम उठाने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला