रेवाड़ी में पिकअप से 50 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद, दो हिरासत में
रेवाड़ी, 17 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के बावल में शुक्रवार देर शाम पुलिस ने साबन फ्लाईओवर के पास एक पिकअप गाड़ी से 50 भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए। पुलिस ने गाड़ी में सवार राजस्थान निवासी चालक राजेश और विनय को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सिलेंडर राजस्थान के कोटपूतली से लाए जा रहे थे और इन्हें भिवाड़ी के आसपास ऊंचे दामों पर सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने पिकअप और सभी सिलेंडरों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम बावल पुलिस को सूचना मिली थी कि राजस्थान से धारूहेड़ा, भिवाड़ी और बावल क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रूप से सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने साबन फ्लाईओवर के नजदीक नाकाबंदी कर संदिग्ध पिकअप गाड़ी को रुकवा लिया। इसके बाद गाड़ी में रखे सामान की तलाशी ली गई तो उसमें 50 भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडर मिले।
जांच के दौरान पता चला कि बरामद सिलेंडरों में 23 सिलेंडर एचपी कंपनी और 27 सिलेंडर इंडेन कंपनी के हैं। पिकअप में मौजूद दोनों युवकों से सिलेंडरों के परिवहन और उनसे संबंधित दस्तावेजों के बारे में पूछताछ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बावल थाना पुलिस ने खाद्य आपूर्ति विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर फूड सप्लाई इंस्पेक्टर दीपक कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने सिलेंडरों के कागजात और उनके परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की।
पुलिस ने पिकअप गाड़ी सहित सभी 50 सिलेंडरों को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल खाद्य आपूर्ति विभाग और पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही सिलेंडरों की सप्लाई से जुड़े पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला