रेवाड़ी में कंपनी कर्मी महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर की आत्महत्या
तीन साल से चल रहा था तलाक का मामला, पिता बोले- मानसिक तनाव में थी बेटी, किसी पर कार्रवाई नहीं चाहते
रेवाड़ी, 14 जुलाई (हि.स.)। जिले के धारूहेड़ा कस्बे में सोमवार शाम एक 26 वर्षीय महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान दिल्ली के नजफगढ़ निवासी सुशील कुमार की बेटी सविता के रूप में हुई है।
वह धारूहेड़ा स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी और श्याम नगर में किराये के मकान में अकेली रहती थी। उसके पिता ने बताया कि करीब सात वर्ष पहले सविता की शादी कैथल जिले के गांव किठाना निवासी मोनू से हुई थी। शादी के बाद एक बेटे का जन्म हुआ, लेकिन पति के बेरोजगार रहने के कारण दोनों के बीच विवाद रहने लगा। करीब तीन वर्ष पहले सविता की इच्छा पर तलाक का मामला अदालत में दायर किया गया, जो अभी विचाराधीन है। बेटा फिलहाल अपने पिता के परिवार के साथ किठाना में रह रहा है।
सुशील कुमार ने बताया कि उनकी बेटी लंबे समय से मानसिक तनाव में रहती थी। उनका मानना है कि इसी परेशानी के चलते उसने यह कदम उठाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्हें किसी पर कोई कार्रवाई नहीं करानी है तथा बेटी का अंतिम संस्कार उसकी ससुराल में ही किया जाएगा।
जांच अधिकारी ने बताया कि जिस मकान में सविता रहती थी, वहां नीचे एक अन्य किराएदार भी रह रही थी। सोमवार शाम जब वह ऊपर गई तो सविता बेसुध हालत में मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला