रेवाड़ी में फर्जी वोटिंग के आरोप पर हंगामा, एक युवक पकड़ा
राव तुलाराम स्टेडियम के बूथ पर विवाद, पुलिस ने संभाला मोर्चा
रेवाड़ी, 10 मई (हि.स.)। रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव के दौरान रविवार को वार्ड नंबर 12 स्थित राव तुलाराम स्टेडियम में बनाए गए एक पोलिंग बूथ पर फर्जी वोट डालने के आरोप को लेकर काफी देर तक हंगामा हुआ। सूचना मिलते ही डीएसपी सुरेंद्र सरन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी के बाद माहौल शांत हुआ और मतदान प्रक्रिया दोबारा सुचारु रूप से शुरू कराई गई।
वहीं रेवाड़ी शहर के साधु शाह क्षेत्र में भी फर्जी मतदान के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। चुनाव अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित किया जाएगा।
मतदान केंद्रों पर दिखा उत्साह, महिलाओं और बुजुर्गों की लंबी कतारें
नगर परिषद और नगर पालिका चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। खासतौर पर महिला और बुजुर्ग मतदाताओं में मतदान को लेकर अधिक उत्साह नजर आया। उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की नजर भी हर बूथ पर बनी हुई है। दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन लगातार मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील कर रहा है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त फोर्स
प्रशासन की ओर से चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रेवाड़ी नगर परिषद में मतदान के लिए 35 स्थानों पर 99 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 29 बूथ संवेदनशील घोषित किए गए हैं। वहीं धारूहेड़ा नगर पालिका में 14 स्थानों पर 27 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 11 संवेदनशील बूथ शामिल हैं। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। चुनाव अधिकारियों के अनुसार ईवीएम मशीनों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
229 उम्मीदवार मैदान में
रेवाड़ी नगर परिषद में 32 वार्डों के लिए पार्षद पद पर 155 उम्मीदवार और चेयरपर्सन पद पर छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं धारूहेड़ा नगर पालिका में 18 वार्डों के लिए 62 पार्षद उम्मीदवार और चेयरमैन पद के लिए छह उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। रेवाड़ी नगर परिषद में कुल एक लाख 15 हजार 157 मतदाता हैं, जिनमें 56 हजार 111 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं धारूहेड़ा नगर पालिका में कुल 23 हजार 112 मतदाता हैं, जिनमें 11 हजार 110 महिला मतदाता हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला