रेवाड़ी में फर्जी वोट डालते युवक को पकड़ा

 

रेवाड़ी, 10 मई (हि.स.)। रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव के दौरान रविवार को शहर के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्थित पोलिंग बूथ पर फर्जी वोट डालने का मामला सामने आया है। मतदान के दौरान एक युवक को संदिग्ध गतिविधियों के चलते पकड़ लिया गया। मौके पर मौजूद प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने युवक पर फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआती पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि वह ‘दीनू’ नामक व्यक्ति के कहने पर भाजपा के पक्ष में वोट डालने आया था। इसके बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर दीनू कौन है और उसका इस मामले में क्या रोल है। घटना के बाद कुछ देर तक मतदान केंद्र पर तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए मतदान प्रक्रिया जारी रखी। चुनाव अधिकारियों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।

धारूहेड़ा में कांग्रेस प्रत्याशी ने लगाए पैसे बांटने के आरोप

धारूहेड़ा नगर पालिका चुनाव में चेयरपर्सन पद की कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी राज ने भाजपा पर वोटरों को पैसे बांटने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

कुमारी राज ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा समर्थकों द्वारा लोगों को एक-एक हजार रुपये वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ मिलकर चुनाव में धांधली करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस प्रत्याशी ने चुनाव आयोग और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। हालांकि भाजपा की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

चुनावी माहौल के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है, जिससे राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। चुनाव के दौरान सामने आए इन मामलों के बाद प्रशासन ने संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और मतदान केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला