रेवाड़ी में दो फैक्ट्रियों पर सीएम फ्लाइंग का छापा

 


बिना एनओसी चल रही फैक्ट्रियों में कैमिकल युक्त पानी खुले में मिला

रेवाड़ी, 23 मई (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के कोसली क्षेत्र में शुक्रवार रात सीएम फ्लाइंग ने विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम के साथ दो फैक्ट्रियों पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान दोनों फैक्ट्रियां बिना आवश्यक एनओसी और दस्तावेजों के संचालित होती मिलीं। इतना ही नहीं, फैक्ट्रियों से निकलने वाला कैमिकल युक्त पानी खुले में बहता पाया गया, जिस पर टीम ने गंभीर आपत्ति जताई।

सीएम फ्लाइंग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कोसली क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन कर कपड़ों की धुलाई और रंगाई का कार्य किया जा रहा है। शिकायतों के आधार पर शुक्रवार रात संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो स्थानों पर रेड की। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी जांच में शामिल किया गया।

जांच के दौरान टीम को कई प्रकार की अनियमितताएं मिलीं। फैक्ट्री संचालक प्रदूषण नियंत्रण संबंधी एनओसी प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके अलावा बिजली लोड, संचालन अनुमति और अन्य जरूरी दस्तावेजों में भी खामियां पाई गईं। टीम ने मौके पर ही फैक्ट्री संचालकों को नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित जवाब देने के निर्देश दिए हैं। सीएम फ्लाइंग की टीम जब एक डाई और ड्राइक्लीन हाउस में पहुंची तो वहां से निकलने वाला कैमिकल युक्त पानी खुले में बहता मिला। इससे आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण फैलने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने इस स्थिति को गंभीर मानते हुए भविष्य में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

सीएम फ्लाइंग इंचार्ज दीनदयाल ने कहा कि नियमों का उल्लंघन कर चल रही फैक्ट्रियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जहां भी अनियमितताओं की शिकायत मिलेगी, वहां टीम द्वारा जांच कर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना अनुमति संचालित इकाइयों में हड़कंप मचा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला