रेवाड़ी:खाली प्लॉट में मिला 40 वर्षीय किसान का शव

 


पुराने दोस्त कंस्ट्रक्शन ठेकेदार पर हत्या का आरोप, सिर पर मिले चोट के निशान

रेवाड़ी, 08 सितंबर (हि.स.)। जिले के कमालपुर गांव में सोमवार देर शाम एचपीसीएल प्लांट के पास खाली पड़ी जमीन में शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान कमालपुर निवासी 40 वर्षीय किसान जितेंद्र यादव के रूप में हुई है। उसके सिर पर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों और ग्रामीणों की ओर से मृतक के पुराने दोस्त एवं कंस्ट्रक्शन ठेकेदार प्रवीण पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि हत्या के पीछे कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम भाड़ावास रोड स्थित एचपीसीएल प्लांट के पास खाली जमीन में लोगों ने एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना गांव के सरपंच और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस तथा एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान मृतक के सिर पर चोट के निशान पाए गए। इसी आधार पर पुलिस फिलहाल मामले को हत्या से जोड़कर जांच कर रही है। जितेंद्र यादव गांव में खेती-बाड़ी का काम करता था। परिवार में उसकी पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं।

बताया जा रहा है कि जितेंद्र यादव और प्रवीण करीब 20 वर्षों से अच्छे दोस्त थे। जितेंद्र खेती करता था, जबकि प्रवीण कंस्ट्रक्शन ठेकेदार है। इसी पुराने दोस्त पर हत्या का आरोप लगने से मामला गंभीर हो गया है। हालांकि दोनों के बीच ऐसा क्या हुआ, जिससे हत्या की नौबत आई, यह अभी सामने नहीं आया है। पुलिस ने मामले में जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही हत्या के कारणों तथा आरोपी की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला