रेवाड़ी से घिलौठ औद्योगिक क्षेत्र के लिए चलेगी इलेक्ट्रिक बस

 

रूट सर्वे पूरा, ट्रायल के तौर पर पहले एक माह तक चलेगी बस

रेवाड़ी, 18 अगस्त (हि.स.)। रेवाड़ी से राजस्थान के घिलौठ औद्योगिक क्षेत्र तक आने-जाने वाले यात्रियों को जल्द ही सीधी इलेक्ट्रिक बस सेवा की सुविधा मिलने वाली है। रोडवेज विभाग ने इस रूट का सर्वे पूरा कर लिया है और जल्द ही ट्रायल के तौर पर बस संचालन शुरू किया जाएगा। नई सेवा से नौकरीपेशा लोगों को राहत मिलेगी और उन्हें सस्ती, सुरक्षित तथा पर्यावरण अनुकूल यात्रा का लाभ मिलेगा।

मंगलवार को रोडवेज महाप्रबंधक निरंजन कुमार ने बताया कि जिले से प्रतिदिन बड़ी संख्या में कर्मचारी और अन्य यात्री घिलौठ औद्योगिक क्षेत्र तथा आसपास के क्षेत्रों में आवागमन करते हैं। अब तक इस रूट पर सीधी बस सुविधा उपलब्ध नहीं थी, जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इलेक्ट्रिक बस शुरू होने से यात्रियों का समय और खर्च दोनों बचेंगे।

रोडवेज अधिकारियों के अनुसार शुरुआत में इस रूट पर एक माह तक ट्रायल किया जाएगा। ट्रायल अवधि में फिलहाल एक इलेक्ट्रिक बस का संचालन किया जाएगा। यदि यात्रियों की संख्या संतोषजनक रही तो भविष्य में डिपो में आने वाली अन्य इलेक्ट्रिक बसों को भी इस रूट पर लगाया जाएगा। मुख्यालय की ओर से रेवाड़ी डिपो को कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं, जिनमें से पांच बसें वर्तमान में विभिन्न रूटों पर संचालित हो रही हैं। रेवाड़ी डिपो पहले से बावल औद्योगिक क्षेत्र के लिए भी पांच इलेक्ट्रिक बसें चला रहा है। वहां यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिलने के साथ रोडवेज की आय में भी वृद्धि हुई है।

अधिकारियों का मानना है कि घिलौठ रूट पर भी बस सेवा सफल रहने पर रोडवेज के राजस्व में बढ़ोतरी होगी और औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत हजारों लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला