रेवाड़ी में खड़े डंपर से टकराई बाइक, फास्ट फूड संचालक की मौत

 


शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

रेवाड़ी, 22 जून (हि.स.)। जिले में एनएच-11 पर गोठड़ा गांव के पास रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार फास्ट फूड संचालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव पाली निवासी 35 वर्षीय वेदपाल के रूप में हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार वेदपाल गांव में फास्ट फूड की दुकान चलाता था। वह अपने किसी परिचित की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने गया था। देर रात शादी समारोह से वापस लौटते समय गोठड़ा के पास सर्विस रोड पर खड़े एक डंपर से उसकी बाइक टकरा गई। बताया जा रहा है कि डंपर सड़क किनारे बिना किसी चेतावनी संकेत या डिपर के खड़ा था, जिसके कारण वेदपाल उसे समय रहते देख नहीं पाया और हादसे का शिकार हो गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि वेदपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके से गुजर रहे राहगीरों और आसपास के लोगों ने तुरंत उसकी सहायता की तथा घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के चचेरे भाई ललित यादव ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बताया गया कि सड़क पर लापरवाही से खड़े डंपर के कारण यह हादसा हुआ। सूचना मिलने पर कुंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर साेमवार काे पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला