रेवाड़ी को 121 करोड़ की विकास परियोजनाओं की मिली सौगात
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किए शिलान्यास
रेवाड़ी, 30 जून (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के बावल स्थित कृषि महाविद्यालय में मंगलवार को आयोजित 'खेत बचाओ अभियान' के राज्य स्तरीय समापन समारोह में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बावल विधानसभा क्षेत्र को 121 करोड़ चार लाख 78 हजार रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
इस दौरान विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम में 19 करोड़ 75 लाख नौ हजार रुपये की लागत से निर्मित राजकीय महिला महाविद्यालय, बावल तथा नगर पालिका बावल द्वारा 20 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से बनाए गए पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया गया।
इन परियोजनाओं से क्षेत्र में शिक्षा और शहरी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा आईएमटी बावल के फेज-तीन में 31 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क, एम्स माजरा भालखी के लिए 28 करोड़ 78 लाख तीन हजार रुपये की लागत से नहर आधारित जलघर, रणसी माजरी में छह करोड़ 60 लाख रुपये व बीदावास में आठ करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 33 केवी सब स्टेशनों का शिलान्यास किया गया।
साथ ही गांव बिशनपुर से गुज्जर माजरी तथा गुर्जरों की ढाणी से पीलियों की ढाणी तक 49 लाख आठ हजार रुपये की लागत से बनने वाले लिंक रोड, बाखापुर कसोला में चार करोड़ 57 लाख 58 हजार रुपये की लागत से बनने वाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) तथा गांव मनेटी और भालखी माजरा में एक करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से बनने वाले दो सब हेल्थ सेंटरों की भी आधारशिला रखी गई।
समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रगतिशील किसानों से संवाद किया और कृषि औद्योगिकी प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला