रेवाड़ी: घर के बाहर खेल रही मासूम को कार ने कुचला, हुई मौत

 

अस्पताल से कार समेत फरार हुआ चालक, पुलिस जांच में जुटी

रेवाड़ी, 08 जुलाई (हि.स.)। जिले के औद्योगिक कस्बा धारूहेड़ा के सेक्टर-चार में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब तीन वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। घर के बाहर खेल रही बच्ची को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे के बाद बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद कार चालक वाहन सहित अस्पताल से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार सेक्टर-चार निवासी किशन कांत की करीब तीन वर्षीय बेटी आन्या बुधवार सुबह घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान तेज गति से आई एक कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम गंभीर रूप से घायल हो गई।

स्थानीय लोगों की मदद से कार चालक ही घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की सूचना मिलते ही चालक कार लेकर अस्पताल से फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल भिजवाया। परिजनों के बयान के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला