रेवाड़ीः गाय के हमले से महिला की मौत, परिजनों ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
-श्मशान घाट से सीधे उपायुक्त आफिस पहुंचे परिजन
रेवाड़ी, 05 फ़रवरी (हि.स.)। रेवाड़ी में गाय द्वारा हमला किए जाने से घायल हुई वृद्ध महिला ने उपचार के दौरान जयपुर के अस्पताल में दम तोड़ दिया। गुरूवार को वृद्ध महिला का रेवाड़ी में अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद परिजन श्मशान घाट से सीधे लघु सचिवालय पहुंचे। उन्होंने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
मिली जानकारी के अनुसार हंस नगर निवासी कृष्णा मंगलवार शाम को अपने घर के बाहर खड़ी हुई थी। इसी दौरान अचानक एक बेसहारा गाय ने उस पर हमला कर दिया। गाय वृद्धा को काफी देर तक पैरों से रौंदती रही। परिजनों और आसपास के लोगों ने किसी प्रकार उसे गाय से बचाया और घायल अवस्था में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया। परिजन उसे उपचार के लिए जयपुर ले गए। जहां उपचार के दौरान बुधवार शाम उसकी मौत हो गई। परिजनों ने गुरूवार को रेवाड़ी में मृतका का अंतिम संस्कार किया। अंतिम संस्कार के बाद परिजन सीधे लघु सचिवालय पहुंचे। उन्होंने उपायुक्त के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शहर में बेसहारा गायों के कारण हो रहे हादसों पर चिंता जताते हुए इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर, उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला