रेवाड़ी सड़क हादसे में कंपनी कर्मी की मौत

 

कंपनी से ड्यूटी कर लौट रहे थे दोनों भाई, वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज

रेवाड़ी, 30 जुलाई (हि.स.)। जिले के माजरा-चिताडूंगरा रोड पर बुधवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई घायल हो गया। दोनों भाई कंपनी में ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। हादसे के बाद राहगीरों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान छोटे भाई ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गांव चिताडूंगरा निवासी 30 वर्षीय योगेश और उसका बड़ा भाई 35 वर्षीय जोनी एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। बुधवार रात ड्यूटी समाप्त होने के बाद दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। जब वे माढण गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान योगेश ने दम तोड़ दिया, जबकि जोनी का इलाज जारी है।

चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर कुंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन एवं चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला