रेवाड़ी: परीक्षा के पहले दिन ही तीसरी कक्षा के पेपर गायब

 

डेटशीट जारी होने के बावजूद क्लस्टर स्कूलों में नहीं पहुंचे प्रश्नपत्र, शिक्षक रहे परेशान

रेवाड़ी, 25 सितंबर (हि.स.)। सरकारी स्कूलों में शुक्रवार से शुरू हुई अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं पहले ही दिन प्राथमिक शिक्षकों के लिए परेशानी का कारण बन गईं। विभाग की ओर से तीसरी से 12वीं कक्षा तक की डेटशीट जारी की गई थी, लेकिन तीसरी कक्षा के प्रश्नपत्र स्कूलों तक नहीं पहुंचाए गए। इसके चलते परीक्षा व्यवस्था को लेकर शिक्षकों में असमंजस की स्थिति बनी रही।

सुबह शिक्षक संबंधित क्लस्टर स्कूलों में प्रश्नपत्र लेने पहुंचे तो वहां उन्हें तीसरी कक्षा के पेपर नहीं मिले। शिक्षकों को केवल चौथी और पांचवीं कक्षा के प्रश्नपत्र ही उपलब्ध करवाए गए। तीसरी कक्षा के प्रश्नपत्र नहीं मिलने पर शिक्षक एक-दूसरे से जानकारी लेते रहे, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका।

शिक्षकों ने जब इस संबंध में स्थानीय शिक्षा अधिकारियों से संपर्क किया तो वहां से भी स्थिति स्पष्ट नहीं की गई। अधिकारियों की ओर से इतना ही कहा गया कि जो भी प्रश्नपत्र विभाग की तरफ से प्राप्त हुए थे, उन्हें स्कूलों में भेज दिया गया है। तीसरी कक्षा के प्रश्नपत्र कब आएंगे या परीक्षा किस तरह आयोजित होगी, इस संबंध में शिक्षकों को कोई स्पष्ट सूचना नहीं दी गई।

शिक्षकों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों के बीच समन्वय की कमी के कारण यह स्थिति बनी है। हरियाणा बोर्ड की ओर से परीक्षा की डेटशीट जारी की जाती है, जबकि अर्धवार्षिक परीक्षाओं के प्रश्नपत्र एससीईआरटी की ओर से तैयार कर भेजे जाते हैं। शिक्षकों के अनुसार दोनों विभागों के बीच बेहतर तालमेल होता तो ऐसी परेशानी सामने नहीं आती।

राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला प्रधान धर्मेंद्र यादव ने बताया कि किसी भी प्राथमिक विद्यालय में तीसरी कक्षा के प्रश्नपत्र नहीं पहुंचे हैं। शुक्रवार को तीसरी कक्षा की अंग्रेजी की परीक्षा निर्धारित थी, लेकिन पेपर नहीं मिलने से परीक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई। वहीं चौथी और पांचवीं कक्षा की परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई गईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला