रेवाड़ी नगर परिषद चुनावः नेहारिका राव ने भरा नामांकन, निर्मला राव भी मैदान में
कांग्रेस और भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने दिखाया शक्ति प्रदर्शन, पार्षद पद के लिए भी बढ़ी हलचल
रेवाड़ी, 24 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव को लेकर शुक्रवार को राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। कांग्रेस की चेयरमैन उम्मीदवार नेहारिका राव ने समर्थकों के साथ जोरदार शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव, पूर्व मंत्री डॉ एमएल रंगा और शहरी जिला प्रधान प्रवीण चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नामांकन से पहले नेहारिका राव रविदास मंदिर से जिला सचिवालय तक वाहनों के काफिले के साथ पहुंचीं, जहां समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली।
वहीं दूसरी ओर रेवाड़ी के वार्ड-20 से भाजपा की पार्षद उम्मीदवार और पूर्व चेयरमैन विजय राव की पत्नी निर्मला राव ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। गौरतलब है कि निर्मला राव ने वर्ष 2020 में नगर परिषद चेयरमैन का चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लड़ा था। उस चुनाव में भाजपा की पूनम यादव को जीत मिली थी।
चुनाव प्रक्रिया के शुरुआती तीन दिनों में चेयरमैन पद के लिए रेवाड़ी और धारूहेड़ा से दो-दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी नामांकन दाखिल किया है। पार्षद पद के लिए रेवाड़ी में अब तक 27 और धारूहेड़ा में 16 उम्मीदवार नामांकन कर चुके हैं। पहले दिन किसी ने नामांकन नहीं किया था, जबकि दूसरे दिन रेवाड़ी से पांच और धारूहेड़ा से दो उम्मीदवारों ने अपने पर्चे भरे थे।
नामांकन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के लिए प्रशासन द्वारा विभिन्न स्थान निर्धारित किए गए हैं। रेवाड़ी में चेयरमैन पद के लिए जिला सचिवालय के कमरा नंबर 202 को नामांकन स्थल बनाया गया है। पार्षद पद के लिए वार्ड एक से 11 तक के उम्मीदवार न्यू मॉडल टाउन सेक्टर-एक स्थित ईओ एचएसवीपी कार्यालय में, वार्ड 12 से 22 के उम्मीदवार रोडवेज जीएम कार्यालय में और वार्ड 23 से 32 के उम्मीदवार जिला सचिवालय स्थित डीआरओ कार्यालय में नामांकन दाखिल कर रहे हैं। धारूहेड़ा में चेयरमैन सहित सभी 18 वार्डों के पार्षदों के नामांकन तहसील कार्यालय में जमा किए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से एडीसी राहुल मोदी को रेवाड़ी नगर परिषद का रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि एसडीएम सुरेश कुमार को धारूहेड़ा का रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला