रेवाड़ी में ऑटो-ट्रॉले की टक्कर में 11 वर्षीय बच्चे की मौत

 


रेवाड़ी, 16 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के रेवाड़ी शहर में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कसौला चौक के पास रविवार रात को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ऑटो और ट्रॉले की टक्कर में ऑटो पलट गया, जिससे उसमें सवार 11 वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक बच्चा मध्यप्रदेश का रहने वाला था। परिवार धार्मिक यात्रा पर खाटू श्याम मंदिर में पूजा-अर्चना करने गया था और वहां से वापस मानेसर लौट रहा था। इसी दौरान रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कसौला चौक के पास ट्रॉले और ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया और उसमें सवार लोग घायल हो गए। हादसे में 11 वर्षीय बच्चे को गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

जांच अधिकारी राजेश ने बताया कि मृतक बच्चे के मामा की शिकायत पर ट्रॉला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं दुर्घटना के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी ट्रॉला चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस हादसे से बच्चे के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला