रेवाड़ी में कार की टक्कर से युवक की मौत
चालक कार सहित फरार, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
रेवाड़ी, 06 जुलाई (हि.स.)। शहर के भाड़ावास रोड पर रविवार देर शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गांव खरखड़ी निवासी विनय (29) के रूप में हुई है। वह रेवाड़ी स्थित एक टेलीकॉम कंपनी में कार्यरत था और दो बच्चों का पिता था। बताया गया कि रविवार देर शाम जब वह बाइक से जा रहे था , इसी दौरान पीछे से तेज गति से आई एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद राहगीरों ने घायल विनय को तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह जांच अधिकारी का फोन आने पर उन्हें हादसे और विनय की मौत की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान की। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फरार कार चालक की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला