रेवाड़ी में गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार
रेवाड़ी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। धारूहेड़ा के मोहल्ला हरिनगर में सीआईए पुलिस ने छापेमारी कर दो किलो 44 ग्राम अवैध गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के निवासी अमित शर्मा के रूप में हुई है। वह फिलहाल धारूहेड़ा के मोहल्ला हरिनगर में किराए पर रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के कमरेनुमा स्टोर से गांजे के अलावा डिजिटल तराजू, पैकिंग के लिए पॉलीथीन और स्टेपलर भी बरामद किया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशे की खेप के स्रोत और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि बीती रात सीआईए धारूहेड़ा की टीम को सूचना मिली थी कि मोहल्ला हरिनगर में एक युवक अवैध रूप से गांजा बेचने का धंधा कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत एक छापेमारी टीम गठित की और बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस टीम ने मौके पर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अमित शर्मा बताया।
पुलिस ने नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आरोपी के किराए के कमरेनुमा स्टोर की तलाशी ली। इस दौरान शराब की खाली पेटियों के नीचे छिपाकर रखा गया दो किलो 44 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही गांजे की तौल करने के लिए डिजिटल तराजू, पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली पॉलीथीन और एक स्टेपलर भी मिला।
पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना धारूहेड़ा में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आया था और इसे किन लोगों को बेचने की योजना थी। साथ ही, इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला