रेवाड़ी में 12 एकड़ की अवैध कॉलोनियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर

 


रेवाड़ी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) की टीम ने बुधवार शाम को सुठानी, बनीपुर और बावल में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 12 एकड़ में विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ की।

इस दौरान 16 डीपीसी, 10 प्रीकास्ट चारदीवारी और कच्चे रोड नेटवर्क को तोड़ा गया। इसके अलावा बावल में करीब तीन एकड़ में अवैध रूप से विकसित हो रहे मैरिज पैलेस पर भी कार्रवाई की गई।

जिला प्रशासन की ओर से नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट की देखरेख में पुलिस प्रशासन की सहायता से यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माणों को हटाया गया। डीटीपी विभाग की ओर से लगातार की जा रही कार्रवाई से अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

जिला नगर योजनाकार नरेंद्र नैन ने आमजन से अपील की कि नियंत्रित और शहरी क्षेत्र में बिना अनुमति कोई भी अवैध निर्माण न करें। उन्होंने कहा कि प्लॉट खरीदने से पहले संबंधित कॉलोनी की वैधता के बारे में जिला नगर योजनाकार कार्यालय से जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

इससे लोगों को भविष्य में विभागीय कार्रवाई और आर्थिक नुकसान से बचने में मदद मिलेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले सरकार के नियमानुसार आवश्यक अनुमति लेना अनिवार्य है। अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से लोगों की जमा पूंजी जोखिम में पड़ सकती है। इसलिए जमीन या प्लॉट में निवेश करने से पहले संबंधित दस्तावेजों और कॉलोनी की वैधता की जांच करना जरूरी है।

डीटीपी विभाग ने लोगों से नियमों का पालन करने और अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से बचने की अपील की है। विभाग ने संकेत दिया कि नियमों के उल्लंघन पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला