रेवाड़ी में कार की टक्कर से ऑटो पलटा, 12 छात्राएं घायल, तीन गंभीर

 


कार से टक्कर के बाद हुआ हादसा, राहगीरों ने छात्राओं को बाहर निकाला

रेवाड़ी, 03 सितंबर (हि.स.)। रेवाड़ी में गुरुवार दोपहर सेक्टर-18 मोड़ पर ऑटो और कार की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार करीब 12 छात्राएं घायल हो गईं। इनमें से तीन छात्राओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए ऑटो में फंसी छात्राओं को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को सेक्टर-18 स्थित महिला कॉलेज से एक ऑटो छात्राओं को लेकर रेवाड़ी बस स्टैंड की ओर आ रहा था। ऑटो में करीब 12 छात्राएं सवार थीं। जैसे ही ऑटो सेक्टर-18 मोड़ के पास पहुंचा, इसी दौरान उसकी एक कार से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया और उसमें सवार छात्राएं उसके अंदर फंस गईं। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद ऑटो में फंसी छात्राओं को बाहर निकाला। इसके बाद घायल छात्राओं को निजी वाहनों और अन्य साधनों से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

घायलों में मुस्कान, कशिश, पिंकी, कुमकुम, मोनिका, सोनिया और चिनाया सहित अन्य छात्राएं शामिल बताई गई हैं। इनमें तीन छात्राओं की हालत गंभीर होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, सभी घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला