रेवाड़ी में छह पीड़ितों को मिले 8.50 लाख रुपये के सहायता चेक

 


रेवाड़ी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मार्केट कमेटी कार्यालय कोसली में गुरुवार को मुख्यमंत्री किसान एवं खेतीहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना-2013 के तहत खेती के दौरान दुर्घटनाओं के शिकार हुए पीड़ितों को आठ लाख 50 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।

मार्केट कमेटी चेयरमैन महेश यादव और वाइस चेयरमैन दिनेश गोयल ने लाभार्थियों को चेक सौंपे।

इस दौरान गांव सेहलंग निवासी मंजीत देवी को पांच लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। वहीं, गांव फतेहपुरी निवासी सुनील को एक लाख 25 हजार रुपये, सुनीता को 75 हजार रुपये और शंभू ऋषि देव को 75 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। इसके अलावा महावीर को 37 हजार 500 रुपये तथा सोमबीर को भी 37 हजार 500 रुपये का चेक सौंपा गया।

मार्केट कमेटी चेयरमैन महेश यादव ने कहा कि हरियाणा सरकार की इस योजना का उद्देश्य खेती से जुड़े कार्यों के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होने वाले किसानों और खेतिहर मजदूरों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। योजना के तहत पात्र पीड़ितों को निर्धारित नियमों के अनुसार सहायता राशि दी जाती है, जिससे दुर्घटना के बाद उन्हें आर्थिक संबल मिल सके।

उन्होंने लाभार्थियों को समय पर सहायता राशि उपलब्ध कराने और अनाज मंडी में विकास कार्यों में सहयोग देने के लिए स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव और विधायक अनिल यादव का आभार जताया।

महेश यादव ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि खेती के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं से प्रभावित परिवारों को सहायता मिलने से उन्हें कठिन परिस्थितियों में आर्थिक राहत मिलती है। इस अवसर पर मार्केट कमेटी के सचिव विकास यादव, लेखाकार नरोत्तम, विजय कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला