रेवाड़ी में एनआरआई युवक व माता-पिता से मारपीट, पांच पर केस

 


रेवाड़ी, 03 नवंबर (हि.स.)। जिले के गांव बूढ़पुर में मंगलवार को रास्ते के विवाद को लेकर एनआरआई युवक और उसके माता-पिता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सदर थाना पुलिस ने गांव निवासी बबरूभान, मीनाक्षी, विनोद, गजेंद्र यादव और संगीता के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को वीडियो सौंपकर निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव बूढ़पुर निवासी रमेश ने बताया कि रास्ते को लेकर उसकी गजेंद्र यादव के साथ बहस हुई थी। उस समय उसकी पत्नी बीना भी साथ थी। आरोप है कि इसी दौरान बबरूभान, उसकी पत्नी मीनाक्षी, विनोद, गजेंद्र और उसकी पत्नी संगीता ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

शिकायत में रमेश ने अपनी पुत्रवधू के साथ अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है। इसके अलावा बबरूभान के बेटे यश पर अश्लील व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, गजेंद्र और संगीता ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस ने घायलों की मेडिकल रिपोर्ट हासिल की है। रिपोर्ट के अनुसार, रमेश के शरीर पर चार, वरुण के शरीर पर एक और बीना के शरीर पर तीन चोटें दर्ज की गई हैं। इस प्रकार तीनों के शरीर पर कुल आठ चोटें दर्ज हुई हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सामान्य धाराओं में केस दर्ज किया है। परिवार ने पुलिस को दिए गए वीडियो के आधार पर निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के अनुसार, शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अभी एक्स-रे रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला