रेवाड़ी में सेना के जवान ने फंदा लगाकर दी जान
बाड़मेर ऑर्डिनेंस डिपो में तैनात जवान 25 दिन पहले आए थे घर, पत्नी गर्भवती
रेवाड़ी, 20 मई (हि.स.)। हरियाणा के रेवाड़ी जिले में भारतीय सेना के एक जवान ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना जिले के गांव नेहरूगढ़ की है, जहां 28 वर्षीय योगेश का शव बुधवार सुबह उनके कमरे में पंखे से लटका मिला। सूचना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक योगेश भारतीय सेना में कार्यरत थे और उनकी पोस्टिंग बाड़मेर स्थित ऑर्डिनेंस डिपो में थी। परिवार के अनुसार वे करीब 25 दिन पहले छुट्टी लेकर गांव आए थे।
बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों को शक हुआ। जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो योगेश फंदे से लटके मिले। परिजन तुरंत उन्हें कोसली सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही नाहड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिवार का कहना है कि योगेश पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव और डिप्रेशन में थे। हालांकि उन्होंने किसी प्रकार की पारिवारिक परेशानी की जानकारी नहीं दी थी। गांव के सरपंच आशीष प्रजापति ने बताया कि योगेश स्वभाव से मिलनसार और शांत युवक थे तथा परिवार में किसी तरह का विवाद भी सामने नहीं आया।
जानकारी के अनुसार योगेश वर्ष 2022 में सेना में भर्ती हुए थे। वर्ष 2024 में उनकी शादी बैहरमपुर निवासी रचना के साथ हुई थी। उनका करीब सवा साल का बेटा है, जबकि उनकी पत्नी गर्भवती हैं। परिवार में पिता, दादा-दादी और छोटा भाई हैं। उनकी मां का पहले ही निधन हो चुका है। पिता खेती-बाड़ी करते हैं, जबकि छोटा भाई निजी कंपनी में नौकरी करता है। नाहड़ चौकी इंचार्ज अरविंद यादव ने बताया कि आत्महत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला