रेवाड़ी-धारूहेड़ा निकाय चुनाव का ऐलान, दो लाख 10 हजार मतदाता हुए पंजीकृत

 


आचार संहिता लागू, 10 मई को मतदान, 13 को आएंगे नतीजे, 21 अप्रैल से नामांकन शुरू

रेवाड़ी, 13 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा में नगर निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। घोषित कार्यक्रम के अनुसार 10 मई को मतदान होगा, जबकि 13 मई को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू कर दी गई है, जिससे प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है।

चेयरमैन का चुनाव सीधे जनता द्वारा किया जाएगा। 21 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके चलते संभावित उम्मीदवारों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। रेवाड़ी नगर परिषद में चेयरमैन का पद एससी महिला के लिए आरक्षित किया गया है, जबकि धारूहेड़ा नगर पालिका में यह पद अनारक्षित रहेगा, जिससे यहां मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है।

पिछले चुनावों पर नजर डालें तो वर्ष 2020 में रेवाड़ी नगर परिषद का चेयरमैन पद महिला के लिए आरक्षित था, जहां भाजपा की पूनम यादव ने जीत दर्ज की थी। रेवाड़ी में कुल एक लाख सात हजार 413 वोटों में से 74 हजार 268 मत पड़े थे। इनमें से पूनम यादव को 25 हजार 965 वोट मिले थे। वहीं धारूहेड़ा में पूर्व सरपंच कंवर सिंह निर्दलीय चुनाव जीतने के बाद भाजपा में शामिल हो गए थे। वहीं वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है।

कई वार्ड एससी, बीसीए, बीसीबी और सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं, जिससे सामाजिक संतुलन और प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है। इस बार रेवाड़ी नगर परिषद और धारूहेड़ा नगर पालिका में मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। अंतिम मतदाता सूची के अनुसार कुल मतदाताओं की संख्या रेवाड़ी नगर परिषद में लगभग एक लाख 55 हजार व धारूहेड़ा नगर पालिका में लगभग 55 हजार है। जिसके चलते इस बार चुनाव को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। चेयरमैन पद के लिए कई दावेदार मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। इस बार दोनों ही क्षेत्रों में नए और पुराने चेहरों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला