रेवाड़ी एम्स को मिली 50 एमबीबीएस सीटें, नवंबर में शुरू हाेगी ओपीडी
रेवाड़ी, 18 सितंबर (हि.स.)। एम्स माजरा में ओपीडी सेवा नवंबर तक शुरू होने की उम्मीद है। वहीं मेडिकल कॉलेज में इसी सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों पर विद्यार्थियों के दाखिले की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। स्वास्थ्य, आयुष एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री आरती सिंह राव ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मंत्री ने बताया कि एम्स के निदेशक डॉ. डीएन शर्मा से उनकी बातचीत हुई है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के साथ पिछले सप्ताह बैठक भी हुई थी। बैठक में एम्स माजरा में ओपीडी शुरू करने समेत अन्य तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। मंत्री के अनुसार, नवंबर तक एम्स की ओपीडी शुरू हो जानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज के लिए 50 एमबीबीएस सीटों की मंजूरी मिल चुकी है। इसके साथ ही टीचिंग स्टाफ की व्यवस्था भी मौजूद है। ऐसे में इसी साल मेडिकल कॉलेज की शुरुआत होने और 50 सीटों पर विद्यार्थियों को दाखिला मिलने की उम्मीद है। उपलब्ध सार्वजनिक जानकारी के अनुसार केंद्र की ओर से भी एम्स माजरा में 50 एमबीबीएस सीटों को मंजूरी दी जा चुकी है।
एम्स माजरा को भविष्य में बड़े चिकित्सा संस्थान के रूप में विकसित करने की योजना है। पूर्ण क्षमता पर यहां करीब 750 बेड की व्यवस्था प्रस्तावित है। आगे चलकर एमबीबीएस की सीटों की संख्या बढ़ाकर 100 करने का लक्ष्य भी बताया गया है। ओपीडी शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिलने की उम्मीद है।
पटीकरा आयुर्वेदिक कॉलेज को 100 सीटों की मंजूरी: स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि बाबा खेतानाथ आयुर्वेदिक कॉलेज, पटीकरा में 100 सीटों को मंजूरी मिल गई है। उन्होंने कहा कि इससे पहले कॉलेज को इन सीटों के लिए अनुमति नहीं मिली थी। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन की ओर से पुनर्मूल्यांकन के लिए मामला भेजा गया था। अब पुनर्मूल्यांकन के बाद कॉलेज को 100 सीटों की स्वीकृति मिल गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला