रेवाड़ी: ब्रांड प्रमोशन के नाम पर साइबर ठगी, एसपी ने जारी की एडवाइजरी
रेवाड़ी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। इंटरनेट मीडिया पर ब्रांड प्रमोशन, पेड कोलेबोरेशन और ऑनलाइन कमाई के आकर्षक ऑफर के जरिए साइबर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। साइबर अपराधी नामी कंपनियों के नाम और लोगो का इस्तेमाल कर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। इसे देखते हुए पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने बुधवार को एडवाइजरी जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
एसपी ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी इंस्टाग्राम बिजनेस पेज बनाकर लोगों को निशाना बनाते हैं। इन प्रोफाइल पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स, आकर्षक पोस्ट और उत्पादों की तस्वीरें लगाई जाती हैं, ताकि लोग इन्हें असली समझकर भरोसा कर लें। इसके बाद डायरेक्ट मैसेज, ईमेल या वाट्सएप के माध्यम से ब्रांड प्रमोशन और पेड पार्टनरशिप के प्रस्ताव भेजे जाते हैं।
उन्होंने बताया कि ठग लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए फर्जी एग्रीमेंट और ऑफर लेटर भी भेज सकते हैं। ऑनलाइन कमाई का लालच देकर उनसे निजी जानकारी, बैंक संबंधी विवरण या अन्य संवेदनशील जानकारियां हासिल करने की कोशिश की जाती है। ऐसे में किसी भी आकर्षक ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है।
एसपी ने सलाह दी कि किसी भी ब्रांड प्रमोशन का प्रस्ताव स्वीकार करने से पहले संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और इंटरनेट मीडिया अकाउंट की जांच करें। अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी संदिग्ध ऐप को डाउनलोड करने से बचें। उन्होंने कहा कि किसी के साथ ओटीपी, पासवर्ड, यूपीआई पिन या बैंक खाते से जुड़ी जानकारी साझा न करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला