रेवाड़ी: कोसली में 11.57 करोड़ से बनेगा सब डिपो, सप्ताहभर में शुरू होगा काम
रेवाड़ी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। कोसली में रोडवेज सब डिपो और बस स्टैंड के निर्माण का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। सब डिपो का निर्माण कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू कराया जाएगा। निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और संबंधित एजेंसी को वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिया गया है। इस परियोजना पर करीब 11.57 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, रोडवेज विभाग की ओर से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को करीब सात करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जा चुके हैं।
रोडवेज के जीएम निरंजन शर्मा ने बुधवार को बताया कि राज्य परिवहन विभाग ने कोसली में सब डिपो और बस स्टैंड के निर्माण की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी विभाग को सौंपी है। दोनों विभागों के आपसी तालमेल से निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है। परियोजना के लिए आवश्यक राशि भी पीडब्ल्यूडी विभाग को उपलब्ध कराई जा चुकी है, जिससे निर्माण कार्य शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है।
पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सतेंद्र श्योराण ने बताया कि सब डिपो के निर्माण से संबंधित सभी टेंडर प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। निर्माण कार्य के लिए संबंधित एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी किया जा चुका है। विभाग की योजना एक सप्ताह के भीतर भवन का निर्माण कार्य शुरू कराने की है।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकें। सब डिपो और बस स्टैंड के निर्माण से कोसली क्षेत्र में रोडवेज की व्यवस्थाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे यात्रियों को बसों के संचालन और अन्य परिवहन सुविधाओं में भी लाभ मिल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला