रेवाड़ी में गैस सिलेंडर से भरी एजेंसी की गाड़ी से चोरी, 6 सिलेंडर गायब
हाईवे किनारे होटल पार्किंग में सो रहे चालक के दौरान वारदात, धारूहेड़ा थाना पुलिस ने दर्ज किया केस
रेवाड़ी, 04 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी जिले में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर खड़ी गैस एजेंसी की गाड़ी से सिलेंडर चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरों ने देर रात गाड़ी का ताला तोड़कर छह गैस सिलेंडर चोरी कर लिए। घटना की सूचना मिलने के बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में भिवानी जिले के गांव अमीरवास निवासी राजेश ने बताया कि वह लोहारू स्थित गैस एजेंसी की गाड़ी पर चालक है। वह भारत पेट्रोलियम के प्याला बल्लभगढ़ (फरीदाबाद) प्लांट से 306 गैस सिलेंडर लेकर भिवानी के लिए निकला था। शुक्रवार शाम को वह प्लांट से रवाना हुआ। इस दौरान रास्ते में वह दिल्ली-जयपुर हाईवे पर राव व संगम होटल के पास स्थित पार्किंग में गाड़ी खड़ी कर उसी में सो गया। देर रात होटल कर्मचारियों को कुछ संदिग्ध गतिविधि नजर आई, जिसके बाद उन्होंने चालक को सूचित किया। चालक ने जब गाड़ी की जांच की तो ताला टूटा हुआ मिला और छह गैस सिलेंडर गायब थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजेश ने बताया कि कंपनी के नियमों के अनुसार रात 11 बजे के बाद भरे सिलेंडरों के साथ सड़क पर सफर नहीं किया जाता, इसलिए उसने निर्धारित समय से पहले सुरक्षित स्थान पर गाड़ी खड़ी कर दी थी। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला