यमुनानगर:आरटीआई सूचनाओं के सहारे वसूली का आरोपी गिरफ्तार
यमुनानगर, 07 जून (हि.स.) आरटीआई के माध्यम से सूचनाएं जुटाकर कारोबारियों पर दबाव बनाने और कथित रूप से बड़ी रकम की मांग करने के मामले में यमुनानगर के थाना छप्पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए उसे रकम लेते समय काबू किया गया।
पुलिस जांच के अनुसार पंचकूला निवासी शराब कारोबारी विनय साहनी ने शिकायत दी थी कि सेक्टर-17 निवासी शिव साहनी पिछले करीब दो वर्षों से उसके व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी एकत्र कर रहा था। आरोप है कि बाद में विभिन्न विभागों में शिकायतें भेजने, प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और कारोबार प्रभावित करने की चेतावनी देकर उस पर आर्थिक दबाव बनाया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने एक करोड़ रुपये की मांग की थी। बाद में कथित तौर पर 75 लाख रुपये में मामला तय हुआ।
आरोप है कि 29 मई को कारोबारी ने दबाव के चलते 2.50 लाख रुपये अग्रिम राशि के रूप में भी दिए थे, लेकिन शेष रकम को लेकर लगातार दबाव बनाया जाता रहा। मामले की सूचना मिलने पर थाना छप्पर पुलिस ने जाल बिछाया। तय रणनीति के तहत आरोपी को जिमखाना क्लब बुलाया गया। पुलिस के अनुसार जैसे ही आरोपी ने चार लाख रुपये अपने कब्जे में लिए, पहले से मौजूद टीम ने उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।
जांच के दौरान मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड, व्हाट्सएप चैट, ऑडियो सामग्री तथा बैंक लेन-देन की पड़ताल की जाएगी। साथ ही विदेशी नंबरों से किए गए कॉल और संभावित सहयोगियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि जांच में अन्य पीड़ितों या किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका सामने आती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार