पानीपत: आरक्षण के नाम पर बंट रहा देश : केदार
पानीपत, 24 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को इसराना के गांव मांड़ी में सात गांवों का हिंदू सम्मेलन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र संघ प्रचारक प्रमुख एवं बाल विकास अध्यक्ष केदार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि संघ पूरे देश में शताब्दी वर्ष मना रहा है। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य हिंदू संगठनों को जाति-पाति के बंधनों से ऊपर उठाकर एक सूत्र में पिरोना है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में समाज में बढ़ती बिखराव की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हम जातियों और आरक्षण के नाम पर बंट रहे हैं, जिससे देश और समाज कमजोर हो रहा है। उन्होंने सभी से एक साथ मिलकर देश व समाज की रक्षा करने का आह्वान किया। उनके अनुसार, देश तभी एकजुट हो सकता है जब हम सभी मिलकर समाज को आगे बढ़ाएंगे।
इस अवसर पर खंड इसराना सरपंच एसोसिएशन के अध्यक्ष मास्टर समेर सिंह घनघस ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को संगठित रहना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यदि यह जातियों और संगठनों में बंट गया तो इसका अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा। उन्होंने ऋषि-मुनियों के ज्ञान और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद रखने की बात कही। उन्होंने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि जब हम बिखरे हुए थे, तब हम गुलाम थे, और जब हम संगठित हुए, तब हमें आजादी मिली। इसलिए, वर्तमान समय में भी हमें संगठित रहने की आवश्यकता है। इस अवसर पर जिला सहकार्यवाह कंवर सिंह, खंड कार्यवाह राहुल शरोहा, भाजपा जिला महामंत्री रोशन लाल माहला, किसान मोर्चा तहसील कैंप अन्ना अध्यक्ष दिनेश घणघस, सरपंच सुमेर सिंह सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा