सोनीपत: लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और राष्ट्र निर्माण में युवा निभाएं जिम्मेदार भूमिका: निखिल मदान
सोनीपत, 25 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय
जनता पार्टी के लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ अभियान के तहत विधायक निखिल मदान ने सेक्टर-23
में युवाओं से रविवार को संवाद किया। इस दौरान लोकतंत्र की मजबूती, संवैधानिक संस्थाओं
की गरिमा, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका
पर चर्चा की गई।
निखिल
मदान ने कहा कि लोकतंत्र भारत की सबसे बड़ी ताकत है। इसमें हर नागरिक को अपनी बात रखने,
असहमति जताने और संवैधानिक तरीके से मांग उठाने का अधिकार है। लोकतंत्र को मजबूत बनाए
रखने के लिए राजनीतिक दलों और नागरिकों को संवैधानिक मर्यादाओं तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं
का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह अभियान लोकतांत्रिक मूल्यों के
प्रति जागरूकता बढ़ाने और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को लेकर जनसंवाद करने के उद्देश्य
से चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष विरोध प्रदर्शनों के जरिए अव्यवस्था
का माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है। उनके अनुसार, राजनीतिक मतभेदों का समाधान संवाद
और संवैधानिक प्रक्रियाओं के माध्यम से होना चाहिए।
विधायक
ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता
और चुनाव प्रक्रिया में लोगों का विश्वास लोकतंत्र के महत्वपूर्ण आधार हैं। युवाओं
को चुनाव से जुड़ी जानकारी आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त करनी चाहिए और किसी भी विषय
पर राय बनाने से पहले तथ्यों की जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान
तक सीमित नहीं है। जागरूक नागरिकों की भागीदारी, जिम्मेदार व्यवहार और संवैधानिक संस्थाओं
के प्रति सम्मान भी जरूरी है। युवाओं को भीड़ के दबाव में आने के बजाय स्वतंत्र सोच
और विवेक से निर्णय लेना चाहिए।
मदान
ने युवाओं से अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं
में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा राष्ट्रहित में रचनात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भूमिका से लोकतंत्र को मजबूती मिल सकती है। इस मौके
पर काला पहलवान, संदीप मलिक, मनोज मलिक और सुरेंद्र श्योराण सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना