कांवड़ मेले को लेकर रोहतक पुलिस अलर्ट, सुरक्षा का विशेष प्लान तैयार
सूचना मिलते ही 5 मिनट के अंदर मौके पर पहुंचेगी पुलिस, सड़क से 300 मीटर दूर लगेंगे कांवड़ शिविर
पुलिस अधीक्षक बोले, कावड़ मेल को लेकर 24 घंटे पुलिस अलर्ट
रोहतक, 01 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ मेले और कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सुरक्षा प्लान तैयार किया है। कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कांवड़ यात्रा से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर उसे गंभीरता से लिया जाए और सूचना प्राप्त होने के पांच मिनट के अंदर पुलिस टीम मौके पर पहुंचनी चाहिए। इसके लिए थाना स्तर पर पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने कांवड़ शिविरों को लेकर भी विशेष हिदायत जारी की है। पुलिस की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि कांवड़ शिविर मुख्य सड़क से कम से कम 300 मीटर की दूरी पर लगाए जाएं। इसका उद्देश्य सड़क पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से होने वाले हादसों की आशंका को कम करना है। पुलिस द्वारा शिविर संचालकों से भी सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के दौरान सड़क मार्ग पर यातायात प्रभावित होने की संभावना रहती है, ऐसे में शिविरों की लोकेशन को लेकर विशेष सावधानी बरतना जरूरी है।
यातायात व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा तैनात
कांवड़ यात्रा के दौरान शहर और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त प्रबंध किए जा रहे हैं। जिन मार्गों से कांवड़ियों का आवागमन अधिक रहेगा, वहां पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस की ओर से प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और कांवड़ियों के संभावित ठहराव वाले क्षेत्रों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल