कैथल: धुंध से पहले सड़कों पर सफेद पट्टी व साइन बोर्ड दुरुस्त करने की कवायद शुरू
कैथल, 28 सितंबर (हि.स.)। जिले में सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रशासन ने सभी विभागों को अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों का सुरक्षा ऑडिट करवाने के निर्देश दिए हैं। एडीसी डॉ.सुशील कुमार ने कहा कि सड़कों की खराब स्थिति, पेड़ों की बढ़ी हुई टहनियां, अव्यवस्थित संकेतक और अन्य कमियों को समय रहते दूर किया जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
सोमवार को लघु सचिवालय में सड़क सुरक्षा वाहन समिति की बैठक में एडीसी ने विभिन्न सड़कों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि एक महीने बाद मौसम में बदलाव के साथ धुंध का दौर शुरू हो जाएगा। ऐसे में सड़कों पर सफेद पट्टी, रिफ्लेक्टर और साइन बोर्ड स्पष्ट रूप से दिखाई देने चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को धुंध शुरू होने से पहले यह काम पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में राजौंद की सड़क का मुद्दा भी उठा। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी ने बताया कि राजौंद में अब पेवर ब्लॉक की जगह तारकोल की सड़क बनाई जाएगी। इसका काम एक सप्ताह के भीतर शुरू करने और करीब दो महीने में पूरा करने की योजना है। कैथल-चीका रोड को लेकर बताया गया कि फिलहाल जरूरत के अनुसार पैचवर्क कराया जा रहा है। फोरलेन निर्माण के लिए पेड़ों की कटाई, बिजली और अन्य कार्यों से संबंधित अनुमति मिल चुकी है। हालांकि वन विभाग के अनुसार पेड़ कटाई पर उच्च न्यायालय की रोक लगी हुई है।
रोक हटने के बाद फोरलेन निर्माण की आगामी प्रक्रिया शुरू होगी। सड़क निर्माण के लिए करीब 22 करोड़ रुपये की अनुमति भी लंबित है, जिसके अगले 15 दिनों में मिलने की संभावना जताई गई। एडीसी ने कौल, पूंडरी-काकौत, पूंडरी-करनाल, चीका-भागल, टीक-कठवाड़, मटरवा खेड़ी, पाई, हरसौला और प्यौदा-सेगा सहित विभिन्न मार्गों की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों के किनारे बढ़ी हुई पेड़ों की टहनियों की छंटाई, सड़क के किनारों के बर्म को ठीक करने और अन्य कमियों को दूर करने को कहा।
एडीसी ने वन विभाग को सड़कों पर पेड़ों की बढ़ी हुई टहनियों की नियमित छंटाई करने और नगर पालिका, एचएसवीपी, लोक निर्माण विभाग, एचएसएमबी व एनएचएआई को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र की सड़कों की रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने को कहा। बैठक में आरटीए गिरीश कुमार, एसडीएम संजय कुमार, सीटीएम कैप्टन प्रमेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे