हिसार : डीटीपी टीम ने अग्रोहा क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों की सड़कें उखाड़ी

 


हिसार, 08 जुलाई (हि.स.)। जिले के अग्रोहा क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध कॉलोनियों

के खिलाफ कार्रवाई की। जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम ने गांव चिकनवास में बन रही

अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर उनकी आंतरिक सड़क नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान बुधवार को लगभग पांच घंटे तक चले इस अभियान में जेसीबी मशीनों

की मदद से सड़क नेटवर्क उखाड़ा गया और नींव भरकर तैयार की गई प्लॉट की बाउंड्री वॉल

भी तोड़ दी गई। प्रशासन का कहना है कि बिना मंजूरी विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ

आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

यह कार्रवाई चिकनवास-ठसका रोड पर की गई, जहां बिना विभागीय स्वीकृति के कॉलोनियां

विकसित किए जाने की सूचना मिलने पर जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से ड्यूटी मजिस्ट्रेट

के रूप में बिजली निगम अग्रोहा के एसडीओ माणिक मौजूद रहे। वहीं जिला नगर योजनाकार दिनेश

कुमार और विभाग के जेई हरि मोहन के नेतृत्व में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न

कराई गई।

जिला नगर योजनाकार दिनेश कुमार ने बताया कि आमजन को अवैध कॉलोनियों में प्लॉट

खरीदकर अपनी मेहनत की कमाई जोखिम में नहीं डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्लॉट या मकान

खरीदने से पहले संबंधित कॉलोनी की वैधता की जांच अवश्य कर लें। इसके लिए कोई भी व्यक्ति

जिला नगर योजनाकार कार्यालय से कॉलोनी के वैध अथवा अवैध होने की जानकारी प्राप्त कर

सकता है।

डीटीपी ने कहा कि अग्रोहा सहित पूरे क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान

लगातार जारी रहेगा। विभाग की ओर से भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की

जाएगी, ताकि अनधिकृत कॉलोनियों के विकास पर प्रभावी रोक लगाई जा सके और लोगों को आर्थिक

नुकसान से बचाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर