पानीपत:सड़क हादसे में घायल की मौत

 


पानीपत, 22 मार्च (हि.स.)। पानीपत में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर घने कोहरे और धुंध के कारण हुए भीषण सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। सिवाह बस स्टैंड के पास 15 से ज्यादा वाहनों के आपस में टकराने की घटना में गंभीर रूप से घायल हुए मंडी पंजाब निवासी 55 वर्षीय जोगिंदर पाल की मौत हो गई। शव को सिविल अस्पताल लाया गया। जहां उसका पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया गया है। परिवार के अनुसार जोगिंदर पाल अपनी इनोवा गाड़ी में परिवार के सात अन्य सदस्यों के साथ पंजाब से वृंदावन दर्शन के लिए जा रहे थे। शनिवार सुबह जब उनकी गाड़ी पानीपत के सिवाह के पास पहुंची, तो भारी धुंध के कारण आगे चल रहे वाहनों से उनकी टक्कर हो गई। देखते ही देखते पीछे से आ रहे ट्रक और अन्य वाहन भी एक-दूसरे में जा भिड़े, जिसमें जोगिंद्र पाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हादसे में उनके परिवार के अन्य सदस्य जिनमें ज्योति, गुरनायत,गुरसाज, नायसा, दामिनी, कोमल, पराबदीप थे। जिसके बाद उन्हें नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन रविवार को इलाज के दौरान जोगिंद्र पाल ने अंतिम सांस ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा