पानीपत: कैंटर की टक्कर से बाइक सवार की मौत

 

पानीपत, 03 जून (हि.स.)। पानीपत के समालखा जीटी रोड पर मन्नत ढाबे के पास एक सड़क दुर्घटना में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गन्नौर निवासी सत्येंद्र महतो ने पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार दो जून की सुबह वह अपने चचेरे भाई मिथिलेश को पानीपत में बठिंडा जाने वाली ट्रेन पकड़वाने आया था। ट्रेन छूट जाने के बाद वे दोनों बाइक से गन्नौर लौट रहे थे।

दिल्ली सर्विस रोड पर हल्दाना बॉर्डर के पास मन्नत ढाबे के नजदीक पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक कैंटर ड्राइवर ने लापरवाही से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सत्येंद्र डिवाइडर की ओर गिर गया, जबकि मिथिलेश सड़क पर जा गिरा। कैंटर का पहिया मिथिलेश की कमर के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सत्येंद्र को भी हाथ, पैर और घुटनों में चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल मिथिलेश को पहले गन्नौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे पीजीआई, खानपुर रेफर कर दिया गया। मंगलवार की दोपहर बाद उपचार के दौरान मिथिलेश ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने अज्ञात कैंटर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। तथा शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा