पानीपत में कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, स्कूटी चालक युवक की मौत
पानीपत, 29 मार्च (हि.स.)। पानीपत में शनिवार की शाम को गांव निंबरी के पास सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद ड्राइवर कार समेत मौके से फरार हो गया। थाना चांदनी बाग पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
गांव निंबरी निवासी भूप सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी बबैल रोड बुद्धि राजा चौक पर मोबाइल रिपेयर की दुकान है। उसके पास ही उसके भतीजे श्रीकांत की हलवाई की दुकान है। शनिवार की शाम श्रीकांत अपनी नई होंडा स्कूटी पर सवार होकर दुकान से गांव निंबरी के लिए निकला था। भूप सिंह और उसके भाई सुरेश भी अपनी बाइक पर श्रीकांत के पीछे ही कुछ दूरी पर चल रहे थे। जैसे ही श्रीकांत निंबरी गांव के पास मोनिका साबुन फैक्ट्री के नजदीक पहुंचा, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसकी स्कूटी को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि श्रीकांत स्कूटी समेत सड़क पर दूर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोट आई। भूप सिंह ने बताया कि टक्कर मारने के बाद कार चालक ने एक पल के लिए गाड़ी रोकी, जिससे उन्होंने कार का नंबर नोट कर लिया। टक्कर के कारण कार की नंबर प्लेट भी टूटकर वहीं गिर गई। हालांकि, आरोपी चालक पकड़े जाने के डर से कार को तेज रफ्तार में भगा ले गया। परिजन तुरंत श्रीकांत को लहूलुहान हालत में पानीपत के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने भूप सिंह की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मौके से बरामद हुई कार की नंबर प्लेट को कब्जे में लेकर कार नंबर के आधार पर मालिक व चालक की पहचान की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा