कैथल: डिग्री के साथ ज्ञान, चरित्र व मानवीय मूल्यों को बनाएं जीवन का आधार: राज्यपाल प्राे. असीम कुमार
कैथल, 27 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने युवाओं से शिक्षा, नवाचार, उद्यमशीलता और सामाजिक प्रतिबद्धता के माध्यम से देश एवं प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की वास्तविक पहचान केवल उनकी डिग्री से नहीं, बल्कि उनकी सोच की गहराई, चरित्र की मजबूती और अर्जित ज्ञान के मानवीय उपयोग से होती है। आज दुनिया को ऐसे युवाओं की जरूरत है, जो केवल सवालों के जवाब तलाशने तक सीमित न रहें, बल्कि बेहतर सवाल पूछने और नई संभावनाओं को खोजने का साहस भी रखें।
राज्यपाल मंगलवार को कैथल स्थित आरकेएसडी कॉलेज के 35वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। समारोह में लगभग 190 स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इससे पहले पूंडरी विश्राम गृह में डीसी अपराजिता और एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने राज्यपाल का स्वागत एवं अभिनंदन किया। राज्यपाल ने डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह उनकी वर्षों की मेहनत और शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव होने के साथ जीवन की नई यात्रा की शुरुआत भी है। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, विचारों और क्षमताओं का उपयोग समाज को बेहतर बनाने के लिए करना चाहिए। विशेषकर स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और अनुभव के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में काम करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि डिग्री हासिल करने के बाद विद्यार्थियों की जिम्मेदारियां और बढ़ जाती हैं। उन्हें ज्ञान, चरित्र और मानवीय मूल्यों को जीवन का आधार बनाकर आगे बढ़ना चाहिए, ताकि उनकी सफलता का लाभ समाज के दूसरे वर्गों को भी मिल सके। राज्यपाल प्रो. घोष ने आरकेएसडी कॉलेज की उपलब्धियों और शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान में करीब 5,000 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जिनमें लगभग 2,600 छात्राएं हैं। कॉलेज विद्यार्थियों के शैक्षणिक और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को दिया गया ज्ञान, मार्गदर्शन और संस्कार जीवनभर उनकी अमूल्य पूंजी बने रहते हैं। शिक्षकों के विचार, व्यवहार और आदर्श विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा देते हैं। समारोह में राष्ट्रीय विद्या समिति के अध्यक्ष अश्वनी शोरवाला, समिति के पूर्व अध्यक्ष सतीश बंसल, साकेत मंगल एवं अनिल शोरवाला, उपाध्यक्ष महेश मंगल एवं श्याम बंसल, महासचिव पंकज बंसल, नगर पार्षद रोहन मित्तल, कोषाध्यक्ष अशोक मंगल, गवर्निंग बॉडी के कोषाध्यक्ष सुनील चौधरी, कॉलेज प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल, उपप्राचार्य डॉ. राजबीर पाराशर, नवनीत गोयल, अरुण सर्राफ और डॉ. सीबी सैनी सहित शिक्षकगण, गणमान्य व्यक्ति, विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे