हिसार की बेटी का वर्ल्ड स्कूल गेम्स के लिए चयन, ब्राजील में तिरंगा लहराएगी रिया
न्यू लाहौरिया विद्या मंदिर परिवार ने बढ़ाया मदद का हाथ
अंतरराष्ट्रीय तैयारी के लिए दिए 21 हजार रुपये
हिसार, 22 सितंबर (हि.स.)। साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से निकलकर खेल के अंतरराष्ट्रीय
मंच तक पहुंची हिसार की होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ी रिया अब ब्राजील में देश का प्रतिनिधित्व
करेगी। रिया का चयन दिसंबर में ब्राजील के रियो डी जनेरियो में होने वाले वर्ल्ड स्कूल
गेम्स 2026 के लिए हुआ है। इससे पहले वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई गोल्ड
और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा साबित कर चुकी है।
रिया की इस उपलब्धि और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के
अवसर को देखते हुए न्यू लाहौरिया विद्या मंदिर स्कूल परिवार ने उसकी मदद के लिए कदम
आगे बढ़ाया है। स्कूल के चेयरमैन प्यारे लाल लाहौरिया ने मंगलवार काे संस्था एवं विद्यालय परिवार
की ओर से रिया को 21 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की, ताकि ब्राजील दौरे और अंतरराष्ट्रीय
प्रतियोगिता की तैयारियों में आर्थिक बाधा आड़े न आए।
प्यारे लाल लाहौरिया ने कहा कि रिया केवल दर्शन एकेडमी या अपने परिवार की बेटी
नहीं, बल्कि पूरे हिसार और देश का गौरव है। मध्यमवर्गीय परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय
स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि रिया
जैसी प्रतिभाशाली बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए समाज के सभी वर्गों को सहयोग के लिए
आगे आना चाहिए, ताकि आर्थिक परिस्थितियां उनकी प्रतिभा और हौसले के रास्ते में बाधा
न बनें। विद्यालय परिवार के इस सहयोग से रिया की अंतरराष्ट्रीय तैयारियों को बल मिलेगा।
साथ ही, यह पहल खेल प्रतिभाओं और बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए समाज में सकारात्मक
संदेश देने वाली है। रिया के वर्ल्ड स्कूल गेम्स में चयन से हिसार के खेल जगत में भी
खुशी का माहौल है और लोगों को उससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर