हिसार में बैंक-ज्वैलर्स से लेकर पेट्रोल पंप और होटल-रेस्टोरेंट तक, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

 


संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को दें सूचना : एसपी

हिसार, 16 सितंबर (हि.स.)। जिले में कानून एवं व्यवस्था को मजबूत करने और महत्वपूर्ण

व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने को लेकर पुलिस ने बुधवार को

बैंक, ज्वैलरी शॉप, पेट्रोल पंप, शराब ठेके, मेडिकल स्टोर, होटल-रेस्टोरेंट सहित विभिन्न

संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक की। बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धांत

जैन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में डीएसपी मुख्यालय एवं अपराध, बैंक प्रबंधक, ज्वैलरी शॉप संचालक, शराब

ठेका व पेट्रोल पंप संचालक, केमिस्ट एवं मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारी, कमीशन एजेंट,

होटल-रेस्टोरेंट संचालक सहित सुरक्षा शाखा, प्रवाचक, सेना लिपिक और यातायात पुलिस के

अधिकारी मौजूद रहे।

एसपी ने कहा कि बैंक, ज्वैलरी शॉप, पेट्रोल पंप, शराब ठेके, मेडिकल स्टोर और

होटल-रेस्टोरेंट जैसे प्रतिष्ठान आमजन की गतिविधियों से सीधे जुड़े हैं, इसलिए यहां

सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिष्ठानों

में सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने

प्रवेश व निकास द्वार, कैश काउंटर और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने

तथा सुरक्षा व्यवस्था में कमी मिलने पर उसे तुरंत दूर करने को कहा। किसी व्यक्ति, वाहन

या गतिविधि पर संदेह होने की स्थिति में स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तत्काल पुलिस

को सूचना देने की हिदायत दी।

बैठक में बैंक और ज्वैलरी प्रतिष्ठानों में नकदी व कीमती सामान की सुरक्षा,

पेट्रोल पंपों पर रात के समय सुरक्षा, शराब ठेकों पर नियमों के पालन तथा मेडिकल स्टोरों

पर प्रतिबंधित और नशीली दवाओं की बिक्री रोकने के संबंध में भी निर्देश दिए गए। होटल-रेस्टोरेंट

संचालकों को भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कहा गया।

एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि अपराध की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा के लिए पुलिस

लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस और नागरिकों के बीच मजबूत समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था

को और प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी प्रतिष्ठान संचालकों से सुरक्षा मानकों

का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील

की।उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को प्रतिष्ठानों के संचालकों के साथ लगातार समन्वय

बनाए रखने तथा समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर